रायपुर एयरपोर्ट पर बांसुरी की मधुर धुन ने जीता जवानों और यात्रियों का दिल
रायपुर एयरपोर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सिक्योरिटी में लगे CISF जवानों के सामने एक युवक बांसुरी बजाता दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को अब तक 4.5 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है, 46 लाख से अधिक लोगों ने इसे लाइक किया है और 60 हजार से ज्यादा कमेंट्स देशभक्ति की भावना से भरे हुए हैं।
बांसुरी बजा रहा शख्स राजस्थान के जयपुर का कलाकार महबूब खान है, जो कलाकारों की एक टीम के साथ हाल ही में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आया था।
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल को जयपुरी ब्रदर्स नाम की टीम ने रायपुर के एक रिसॉर्ट में कॉर्पोरेट इवेंट में परफॉर्मेंस दी थी। अगले दिन 21 अप्रैल की शाम को उनकी फ्लाइट थी। सिक्योरिटी चेक के दौरान CISF के जवानों ने जब उनके इंस्ट्रूमेंट बॉक्स खोले तो उनमें ढेर सारी बांसुरियां देखकर हैरान रह गए।

शाहरुख जयपुरी, जो इस ग्रुप का हिस्सा हैं, बताते हैं कि जवानों की उत्सुकता को देखते हुए कलाकारों ने उन्हें बांसुरी की धुन सुनाने की पेशकश की। उन्होंने फिल्म ‘केसरी’ का प्रसिद्ध देशभक्ति गीत ‘तेरी मिट्टी…’ बांसुरी पर बजाया। यह सुनते ही जवानों के चेहरे पर मुस्कान आ गई और वहां मौजूद यात्री भी इस अद्भुत क्षण के साक्षी बने। सभी ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कलाकारों का कहना है कि यह बांसुरी भगवान कृष्ण का साज है, और वे इसका सम्मान करते हैं। इसी भाव के साथ उन्होंने यह वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो अब एक यादगार मोमेंट बन चुका है।
