दुर्ग , 29 सितंबर 2022 : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक भयानक वारदात सामने आई है. बताया जा रहा है कि कपसदा गांव में एक ही परिवार के चार लोग पति-पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र से महज 6 किलोमीटर दूर कपसदा गांव की है. यहाँ पुनाराम टंडन की बाड़ी है। वहां ओडिशा के बलांगीर से आकर 34 वर्षीय भोलानाथ यादव अपने परिवार सहित रहता था। भोला की पत्नी नैना (30 वर्ष) व उसके 7 और 12 साल के दो बच्चे मुक्ता और प्रमोद भी साथ ही रहते थे। ये परिवार बाड़ी में ही बने मकान में रहता था। भोला और उसकी पत्नी दोनों यहां खेती-बाड़ी करते थे।
गुरुवार सुबह जब कुछ ग्रामीण इस ओर पहुंचे तो भोला का शव मकान के बाहर पड़ा था। अंदर उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की लाश थी। सभी के सिर और शरीर पर कुल्हाड़ी से वार के निशान थे। बुधवार-गुरुवार देर रात को अज्ञात व्यक्तियों ने वहां पहुंचकर कुल्हाड़ी से चारों के सिर में वार किया। इससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब लोगों ने देखा तो पूरे गांव में दहशत फैल गई।