रायपुर प्रेस क्लब में सजा तीज का रंग, रैंप वॉक और खेलों में महिला पत्रकारों ने बिखेरी खुशियां

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को आयोजित महिला पत्रकारों का तीज महोत्सव छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारंपरिक परिधानों और उल्लास के रंगों से सजा नजर आया। आयोजन में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शिरकत कर महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक भी किया। उनका सहज और आत्मीय अंदाज कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा भी विशेष रूप से शामिल हुईं। भावना बोहरा ने महिला पत्रकारों के साथ रैंप वॉक किया, जबकि लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर प्रस्तुति देकर तीज उत्सव की खुशियों में सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों की इस आत्मीय भागीदारी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।

पारंपरिक परिधानों में नजर आया आत्मविश्वास

तीज महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रैंप वॉक रहा। महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में सादगी, सौंदर्य और आत्मविश्वास के साथ रैंप पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप सिर पर पल्लू लेकर लक्ष्मी राजवाड़े का रैंप वॉक करना विशेष रूप से सराहा गया। उनकी प्रस्तुति के दौरान परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

खेल और मनोरंजन ने बढ़ाया उत्सव का उत्साह

महोत्सव में महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। पत्रकारों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। हंसी-मजाक और आपसी मेलजोल के बीच प्रतिभागियों ने खेलों का आनंद उठाया। प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया गया।

तीज को बताया संस्कृति और महिला उल्लास का पर्व

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने तीज को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और महिलाओं के उत्साह से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताया। उन्होंने प्रेस क्लब द्वारा महिला पत्रकारों के लिए आयोजित इस आयोजन की सराहना की।

उन्होंने कहा कि महिला पत्रकार पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों और लोगों की आवाज को मजबूती से सामने रख रही हैं। ऐसे आयोजन व्यस्त कार्यदायित्वों के बीच महिलाओं को एक-दूसरे से संवाद करने, साथ समय बिताने और उत्सव की खुशियां साझा करने का अवसर देते हैं। उन्होंने सभी महिला पत्रकारों को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।

राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने तीज को महिलाओं की खुशियों, आत्मीयता और परंपराओं से जुड़ा पर्व बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महिला पत्रकार समाज के महत्वपूर्ण विषयों को सामने लाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। ऐसे आयोजन आपसी सहभागिता और सौहार्द को मजबूत करते हैं।

समापन पर महिला पत्रकारों को मिले उपहार

कार्यक्रम के अंत में सभी महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट प्रदान किए गए। उपहार पाकर महिला पत्रकारों में उत्साह नजर आया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिला पत्रकारों की प्रस्तुतियों, रैंप वॉक, मनोरंजक प्रतियोगिताओं और आत्मीय मेलजोल ने पूरे प्रेस क्लब परिसर को तीज के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में अमृता शर्मा, प्रियंका कौशल, मीनल शर्मा, आकांक्षा दुबे, विनीता मंडल, सोनल भारद्वाज, सुजाता साहा और अंबिका मिश्रा सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकारों एवं प्रेस क्लब सदस्यों की सहभागिता रही।