सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

पुसौर ब्लॉक के स्कूलों में ड्राइंग, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन
रायगढ़। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दूसरे दिन पुसौर विकासखंड के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में हुई इन प्रतियोगिताओं में शासकीय और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के लिए ‘सेवा’ और ‘सपना’ को मुख्य विषय बनाया गया था। विद्यार्थियों ने इन विषयों को चित्रों और शब्दों के माध्यम से अलग-अलग अंदाज में अभिव्यक्त किया। कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने निर्धारित शीट पर चित्रकारी की, जबकि हाई और हायर सेकेंडरी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने ड्राइंग शीट पर अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रस्तुत की।
पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, विकसित भारत-2047, पर्यावरण संरक्षण, देश की सुरक्षा और भारतीय सेना के शौर्य जैसे विषयों को अपनी कल्पनाओं में उतारा। रंगों के माध्यम से तैयार की गई आकर्षक पेंटिंग में बच्चों की सोच और सामाजिक सरोकारों की झलक देखने को मिली। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर प्रभावशाली वक्तव्य देते हुए अपने विचार और दृष्टिकोण साझा किए।
सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का संदेश पहुंचाया
‘सेवा संकल्प अभियान’ की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों ने प्रतियोगिताओं से संबंधित फोटो और शॉर्ट वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए। शिक्षकों, विद्यार्थियों और पालकों ने निर्धारित हैशटैग के साथ इन गतिविधियों को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहभागिता निभाई।
प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों और शाला प्रबंधन समितियों ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। संकुल समन्वयकों और संस्था प्रमुखों ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे विकासखंड और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इस पहल से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता के साथ सामाजिक विषयों पर विचार व्यक्त करने के लिए भी मंच मिला।

