रायपुर – रायपुर जिला कलेक्टर और नगर निगम प्रशासक डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम के संस्कृति और पर्यटन विभाग द्वारा एक अभिनव पहल के तहत सरस्वती कन्या शाला, पुरानी बस्ती में कक्षा 9वीं से 12वीं की छात्राओं के बीच रायपुर की धरोहर पर चित्रकला स्पर्धा आयोजित की गई।
इस स्पर्धा में स्कूल की छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी कला के माध्यम से रायपुर की सांस्कृतिक धरोहर को सुंदर चित्रों के रूप में प्रस्तुत किया। छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद की विशालकाय मूर्ति, बूढ़ातालाब स्वामी विवेकानंद सरोवर, नगरघड़ी गुरू घासीदास टाइम स्क्वायर, प्राचीन दुधाधारी मठ, दीपावली पर्व सहित छत्तीसगढ़ राज्य की धरोहर को दर्शाते हुए चित्र उकेरे।
इस कार्यक्रम में स्कूल की प्राचार्य श्रीमती सीमा वर्मा, शिक्षिकाएं और नगर निगम संस्कृति विभाग की श्रीमती श्वेता शिंदे भी उपस्थित थीं।
नगर निगम संस्कृति और पर्यटन विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा ने बताया कि 25 जनवरी 2025, शनिवार को सुबह पुरानी बस्ती स्थित सरस्वती कन्या शाला की छात्राएं और एनआईटी रायपुर के विद्यार्थी रायपुर नगर निगम के आयुक्त अबिनाश मिश्रा के नेतृत्व में लिली चैक से टुरी हटरी तक हैरिटेज वॉक पर जाएंगे। इस वॉक के दौरान छात्राएं और विद्यार्थी रायपुर शहर की प्राचीन धरोहर से अवगत होंगे। यह आयोजन नगर निगम संस्कृति और पर्यटन विभाग की पहल पर किया जा रहा है।