RBI ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया, लोन ग्राहकों को राहत की उम्मीद…

देश। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अपनी मौद्रिक नीति की समीक्षा के बाद ब्याज दरों को 6.5% पर बरकरार रखने का फैसला किया है। इससे लोन लेने वाले ग्राहकों को राहत मिलेगी, क्योंकि मौजूदा लोन की EMI में कोई वृद्धि नहीं होगी।

यह लगातार 11वीं बार है जब RBI ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। आखिरी बार फरवरी 2023 में दरों में 0.25% की बढ़ोतरी की गई थी।

रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को यह जानकारी दी, जिसके अनुसार महंगाई बढ़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए RBI ने अगले वित्तीय वर्ष के लिए GDP ग्रोथ अनुमान को 7.2% से घटाकर 6.6% कर दिया है। इसके साथ ही, RBI ने महंगाई को नियंत्रित करने के लिए अपनी मौद्रिक नीति में कोई तत्काल बदलाव नहीं किया है।

RBI के निर्णयों से आम आदमी को मिलेंंगे ये लाभ –

  • लोन ग्राहकों के लिए राहत: RBI ने ब्याज दरों को 6.5% पर स्थिर रखने का फैसला किया है, जिससे मौजूदा लोन की EMI पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा और नए लोन की दरें भी महंगी नहीं होंगी।
  • किसानों के लिए फायदेमंद बदलाव: RBI ने कोलेटरल फ्री एग्रीकल्चरल लोन की सीमा को बढ़ाकर 2 लाख रुपये प्रति उधारकर्ता कर दिया है। यह बदलाव कृषि क्षेत्र की बढ़ती लागत और महंगाई के प्रभाव को देखते हुए किया गया है।
  • UPI भुगतान में सुधार: अब स्मॉल फाइनेंस बैंक भी UPI पर क्रेडिट लाइन की सुविधा प्रदान करेंगे, जिससे खाताधारक अपने खाते में पैसे न होने पर भी UPI से भुगतान कर सकेंगे। पहले यह सुविधा केवल बड़े बैंकों जैसे SBI, HDFC, ICICI द्वारा उपलब्ध कराई जा रही थी।
  • बैंकों के लिए कैश रिजर्व रेश्यो में कटौती: RBI ने बैंकों के लिए अनिवार्य कैश रिजर्व रेश्यो (CRR) को 4.50% से घटाकर 4% कर दिया है, जिससे बैंकों के पास अधिक नकदी होगी, जिसका उपयोग वे अधिक लोन देने के लिए कर सकेंगे।

इन सभी फैसलों का उद्देश्य वित्तीय लेन-देन को सरल बनाना और इकोनॉमी में नकदी की अधिकता बनाए रखना है।