रायपुर में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर प्रशासन अलर्ट

कलेक्टर ने ऑयल कंपनियों और डीलर्स की ली बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

रायपुर, 14 मई 2026।

राजधानी रायपुर में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने गुरुवार को ऑयल कंपनियों के संचालकों एवं पेट्रोलियम डीलर्स की महत्वपूर्ण बैठक लेकर आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर डॉ. सिंह ने स्पष्ट कहा कि सभी पेट्रोल पंपों में नियमित रूप से पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ऑयल कंपनियों की डिपो से डीलर्स को बिना किसी विलंब के ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही डिपो से पेट्रोल-डीजल सप्लाई का समय, जो अब तक सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक था, उसे स्थिति सामान्य होने तक बढ़ाने को कहा गया है।

शहर में 24 घंटे चलेंगे ईंधन टैंकर

कलेक्टर ने शहर के भीतर ईंधन टैंकरों की 24 घंटे आवाजाही की अनुमति देने के निर्देश दिए ताकि किसी भी पेट्रोल पंप में ईंधन की कमी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल पंप अधिकतम समय तक खुले रखें जाएं, जिससे आम नागरिकों को पेट्रोल-डीजल लेने में परेशानी न हो।

कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

डॉ. गौरव सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में गड़बड़ी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन की खरीदी करें। उन्होंने पैनिक-बायिंग से बचने की अपील की।

शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

यदि कहीं कालाबाजारी या अनियमितता की जानकारी मिले तो नागरिक कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबर
9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर सूचना दे सकते हैं।

प्रदेश एवं जिला पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अखिल धगट ने भी लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी को आवश्यकतानुसार ही खरीदी करनी चाहिए।

बैठक में खाद्य नियंत्रक श्री भूपेन्द्र मिश्रा सहित सभी ऑयल कंपनियों के अधिकारी एवं पेट्रोलियम डीलर्स उपस्थित रहे।