रायपुर में पेट्रोल पंपों पर लगी वाहनों की लंबी कतारें, अफवाहों से बढ़ी लोगों की चिंता

रायपुर। राजधानी रायपुर में गुरुवार को कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पेट्रोल और डीजल खत्म होने की अफवाह फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों में ईंधन भरवाने पहुंच गए, जिससे कई फ्यूल स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति बन गई।

हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों और मैनेजरों ने साफ किया है कि ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। पेट्रोल पंप प्रबंधन का कहना है कि सोशल मीडिया और अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं, जिससे अचानक भीड़ बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार रायपुर के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। कई स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पेट्रोल पंप कर्मचारियों को भीड़ नियंत्रित करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इधर बिलासपुर में स्थिति कुछ अधिक गंभीर बताई जा रही है, जहां करीब 13 पेट्रोल पंप ड्राई होने की जानकारी सामने आई है। इसके चलते वहां भी लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी।

फ्यूल स्टेशन संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

You may have missed