रायपुर में “निशुल्क HLA महाकुंभ शिविर” आयोजित

146 बच्चों की जांच, 59 का मुफ्त HLA टेस्ट

रायपुर। फाफाडीह स्थित सचदेव धर्मशाला (रमन मंदिर गली) में काश फाउंडेशन द्वारा “निशुल्क HLA महाकुंभ शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर में बंगलौर के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. सुनील भट्ट ने 146 बच्चों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की। इनमें से 59 बच्चों का HLA टेस्ट भी निःशुल्क कराया गया।

HLA टेस्ट के लिए लगभग 13,000 रुपये मूल्य की किट DKMS लैब द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। शिविर का उद्देश्य सिकलसेल एवं थैलेसिमिया से पीड़ित बच्चों को बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसे स्थायी उपचार की दिशा में मार्गदर्शन देना था।

काश फाउंडेशन के सेक्रेटरी संदीप कुकरेजा ने बताया कि संस्था के सहयोग से अब तक 133 बच्चों का सफल बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराया जा चुका है, जिससे उन्हें नई जिंदगी मिली है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को समय पर जांच और उपचार की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, नागरिक आपूर्ति अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, एपेक्स बैंक के केदारनाथ गुप्ता, पूर्व विधायक श्री चंद्र सुंदरानी एवं भाजपा उपाध्यक्ष ललित जयसिंग सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

काश फाउंडेशन की फाउंडर काजल सचदेव ने कहा कि संस्था देशभर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि सिकलसेल और थैलेसिमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति समाज सजग हो और हर जरूरतमंद बच्चे को समय पर सही इलाज मिल सके।

फाउंडेशन के अध्यक्ष सुरेश काजल सचदेव ने सभी सहयोगियों एवं चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और यह जन-कल्याण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

You may have missed