रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन को रेखांकित करेगी ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला
‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर जगदलपुर में होगी कार्टून कार्यशाला, स्कूली विद्यार्थियों को देश के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट देंगे प्रशिक्षण
रायपुर (UPI24 News)। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर में हो रहे विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक बदलाव को अब कार्टून कला के माध्यम से नई अभिव्यक्ति मिलेगी। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर एक विशेष कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्कूली बच्चों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण देना और उन्हें बस्तर की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की सकारात्मक तस्वीर को रेखांकित करने के लिए प्रेरित करना है।
वरिष्ठ कार्टूनिस्ट देंगे लाइव डेमो और प्रशिक्षण
कार्टून वॉच के संपादक श्री त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि इस कार्यशाला में देश के जाने-माने कलाकार विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे:
-
श्री माधव जोशी (दिल्ली): वरिष्ठ कार्टूनिस्ट, जो ऑन-द-स्पॉट कार्टून बनाने की कला सिखाएंगे।
-
श्री शुभम जिंदे (पुणे): प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार, जो लाइव डेमो के जरिए कैरिकेचर बनाने का प्रशिक्षण देंगे।
विद्यार्थियों को कला की बारीकियों के साथ-साथ कार्टून कला के सामाजिक, रचनात्मक और रोजगारपरक पहलुओं से भी अवगत कराया जाएगा।
बस्तर की सकारात्मक छवि को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
बस्तर अपनी जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान और प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन के अनुरूप आज बस्तर शांति और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
यह कार्यशाला नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने के साथ-साथ बस्तर की सकारात्मक और मुस्कुराती हुई छवि को देशभर में पहुँचाने का एक अनूठा और रचनात्मक प्रयास है।
