रायपुर : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने ज्ञानेश्वरी यादव को राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने पर दी बधाई
राजनांदगांव की वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर भारत और छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान
रायपुर (UPI24 News)। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने ग्लासगो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games-2026) में भारोत्तोलन (Weightlifting) में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई दी है।
राजनांदगांव की प्रतिभावान वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 53 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।
“छत्तीसगढ़ महतारी का नाम किया रोशन”
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने ज्ञानेश्वरी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी इस शानदार सफलता से राज्य के युवा और खिलाड़ी प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेंगे और खेल जगत में नए कीर्तिमान रचेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का किया शुभारंभ; देशभर के खेल प्रशासक, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट और खिलाड़ी हुए शामिल
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का भव्य शुभारंभ किया। राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर से आए खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स, नामचीन खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी जुटे हैं।
यह कॉन्क्लेव ‘विजन टू विक्ट्री’ (Vision to Victory) थीम पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राज्य में खेल प्रतिभाओं को तराशने और मजबूत खेल अधोसंरचना तैयार करने के लिए दिनभर मंथन किया जा रहा है।
खिलाड़ियों और खेल संघों को मिलेगा हरसंभव सहयोग
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए खेल एक अहम उपक्रम साबित होगा। युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलेंगे, जिससे एक मजबूत मानव संसाधन तैयार होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री साव ने सभी जिलों में पारदर्शी कार्यप्रणाली और मजबूत खेल ढांचे पर विशेष जोर दिया।
नई खेल नीति में शामिल होंगे विशेषज्ञों के सुझाव
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार ने बताया कि कॉन्क्लेव के निष्कर्षों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 150 करोड़ रुपये से अधिक के खेल अधोसंरचना निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर और सरगुजा ओलंपिक जैसी पहलों के बाद इस कॉन्क्लेव से खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का रोडमैप तैयार होगा।
इस अवसर पर खेल संचालक श्रीमती तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन और छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।
