रायपुर।
राजधानी रायपुर के लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। करीब 90 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपियों को डॉग स्क्वॉड की मदद से गांधी नगर और काली नगर इलाके से पकड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस ने शहरभर में सघन जांच अभियान शुरू किया था। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया, जिन्होंने संदिग्धों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि लक्ष्य ज्वेलर्स से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हुई थी। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया था। पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और बाजार क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।