पेपर लीक और जांच के बीच NTA ने रद्द की NEET UG 2026 परीक्षा, नई तारीख जल्द होगी जारी

नई दिल्ली।

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। एजेंसी ने बताया कि 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से निरस्त किया गया है।

NTA के अनुसार, 8 मई 2026 को मामले को केंद्रीय एजेंसियों को स्वतंत्र जांच और सत्यापन के लिए सौंपा गया था। जांच एजेंसियों से मिले इनपुट और रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।

एजेंसी ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षाओं की विश्वसनीयता और सुरक्षा बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए NEET UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि अलग से जारी की जाएगी।

इस फैसले के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वहीं सोशल मीडिया पर भी परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर बहस तेज हो गई है।