रायगढ़: वैदिक स्कूल की 12वीं की छात्रा की हॉस्टल बाथरूम में संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक से होने की आशंका

रायगढ़ जिले के वैदिक स्कूल की 12वीं की छात्रा श्रेया गबेल की सोमवार को रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा को स्कूल हॉस्टल के बाथरूम में बेहोश पड़ा पाया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छात्रा की मौत हार्ट अटैक से होने की संभावना जताई जा रही है।

यह घटना जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जहां श्रेया अपने गृह गांव मालखरौदा (जांजगीर-चांपा) से दूर वैदिक स्कूल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सुबह बाथरूम में बेहोश पड़ी श्रेया को उसकी सहेलियों ने देखा और तुरंत स्कूल प्रबंधन को सूचित किया। हालांकि, अस्पताल जाते वक्त ही उसकी मौत हो गई। मामला सामने आते ही छात्रा के परिजन रायगढ़ पहुंचे, लेकिन बिना पुलिस को सूचित किए और पोस्टमॉर्टम कराए शव को अपने गांव ले गए। पुलिस इस घटना की जांच में जुटी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा।