प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

नई दिल्ली। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उम्र संबंधी समस्याओं के कारण तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एम्स दिल्ली के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर देशभर में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है।

एम्स में भर्ती से लेकर निधन तक
डॉ. मनमोहन सिंह को 26 दिसंबर को बेहोशी की हालत में उनके घर पर प्राथमिक उपचार दिया गया। गुरुवार शाम 8:06 बजे उनकी स्थिति बिगड़ने पर उन्हें एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद रात 9:51 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने डॉ. सिंह की पत्नी गुरुशरण कौर से भी बातचीत की।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सहित विपक्ष और अन्य दलों के नेता भी उनके आवास पर पहुंचे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रीय शोक की घोषणा
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पूरे देश में सात दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित किए जाएंगे।

डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी विनम्रता, कुशल नेतृत्व और भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के लिए याद किया जाएगा।