सुभाष स्टेडियम में पत्रकारों की खेल मड़ई, विधायक पुरंदर मिश्रा ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

प्रेस क्लब खेल मड़ई–2026 में रोमांच चरम पर, पुरंदर मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति

रायपुर।

उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा राजधानी रायपुर स्थित सुभाष स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटर-प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता एवं रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई–2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मैदान में उपस्थित खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया।

विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं आपसी भाईचारे, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देती हैं। पत्रकारों के लिए इस प्रकार के आयोजन न केवल मानसिक ताजगी प्रदान करते हैं, बल्कि शारीरिक रूप से भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा किए गए उत्कृष्ट, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित आयोजन की सराहना करते हुए क्लब के पदाधिकारियों और सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

प्रेस क्लब द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, खेल भावना और सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आई है, जिससे सामाजिक संवाद और सकारात्मक वातावरण को भी बल मिला है।