राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाकुंभ में लगाई संगम में 3 डुबकी, भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को महाकुंभ पहुंचीं और संगम में तीन डुबकी लगाई। उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और स्नान से पहले मां गंगा को पुष्प अर्पित कर गंगा पूजन और आरती की।

इसके बाद, राष्ट्रपति लेटे हनुमान मंदिर पहुंची, जहां उन्होंने दर्शन और पूजन किया। राष्ट्रपति के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उपस्थित थे।

राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर सोमवार सुबह 9:30 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी ने उनका स्वागत किया। फिर, राष्ट्रपति अरैल घाट पहुंचीं और बोट से संगम तक पहुंचकर स्नान किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम चार बजे तक प्रयागराज में रहेंगी। वह देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं जिन्होंने महाकुंभ में स्नान किया। इससे पहले, 1954 में देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ में स्नान किया था।

महाकुंभ का आज 29वां दिन है, और 13 जनवरी से अब तक 43.57 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। आज दोपहर 12 बजे तक 83 लाख से अधिक लोग संगम में स्नान कर चुके थे।

इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

प्रयागराज शहर में भारी भीड़ देखी जा रही है, इसे ध्यान में रखते हुए अरैल घाट से संगम तक बोट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इसके अलावा, संगम स्टेशन को 14 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *