पापा मुझे जीने दो – एक सैनिक पिता ने अपनी 10 माह की बच्ची को पटक कर मार डाला…
पंजाब, 3 अगस्त 2022: मुक्तसर जिले के गांव रणजीतगढ़ ने एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इस घटना के बारे में सुनकर हर कोई हैरान है। पत्नी के साथ घरेलू कलह को वारदात की वजह बताई जा रही है। मगर लोग यह सवाल कर रहे हैं कि 10 माह की बच्ची का क्या कसूर था कि एक पिता ने अपनी ही 10 माह की मासूम बच्ची को फर्श पर पटक कर मौत के घाट उतार दिया।
इस हत्याकांड में आरोपी के माता-पिता का नाम भी शामिल है। बच्ची का आरोपी पिता सैनिक है। इस समय वह अंबाला में तैनात है। थाना सदर पुलिस ने सभी के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी मृतक बच्ची का पिता फरार है जबकि पुलिस ने आरोपी के पिता को काबू कर लिया है। जानकारी के अनुसार अंबाला कैंट में तैनात सैनिक सतनाम सिंह का विवाह करीब डेढ़ साल पहले ही गांव लक्खोके बहराम (फिरोजपुर) निवासी अमनदीप कौर से हुआ था।
विवाह के कुछ समय बाद ही सतनाम, उसके माता-पिता अमनदीप कौर के साथ लड़ने लगे। अमनदीप के चरित्र पर शक करने लगे। इस दौरान कुछ समय बाद उन्होंने अमनदीप को घर से निकाल दिया। अमनदीप उस समय गर्भवती थी। सतनाम ने अपनी पत्नी अमनदीप से तलाक के लिए अदालत में केस दायर कर दिया। इस बीच ही अमनदीप कौर ने अपने मायके में बच्ची को जन्म दिया। जिसका नाम उन्होंने रहमत कौर रखा।
रहमत को लेकर अमनदीप कौर वापस अपने पति के पास आ गईं। पति की शिकायत उसके उच्च अधिकारियों से करने पर अधिकारियों ने 20 दिनों के दोनो को साथ रहने को कहा, उन 20 दिनों में लड़ाई झगडे कम न हुए। एक दिन अमनदीप कौर के पिता अपनी बेटी और उस बच्ची से मिलने आए। सतनाम के माता पिता ने रहमत को नाजायज बच्ची बताकर अमनदीप कौर को खूब खरी खोटी सुनाई। इतने में ही सतनाम ने अमनदीप की गोद से उस बच्ची रहमत को छीना और उसका पैर पकड़कर फर्श पर पटक दिया। अमनदीप के पिता ने शोर मचाया आस पास के लोग वहां पहुंचे। इतने में सतनाम फरार हो गया। रहमत को पास के अस्पताल ले जाया गया, पर बहुत देर हो चुकी थी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में सैनिक सतनाम सिंह, उसके पिता सुखचैन सिंह और मां स्वर्ण कौर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज लिया गया है। मुख्यारोपी सैनिक सतनाम सिंह की तलाश की जा रही है।
