छत्तीसगढ़ सहित राजधानी रायपुर में इतने दिनों तक बाधित रहेगी ऑनलाइन सेवाएं , इन एप्लीकेशन पर भी पड़ेगा प्रभाव…

रायपुर , 20 जनवरी 2023 : छत्तीसगढ़ में लोगों को ऑनलाइन कार्य के लिए असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है. बता दे कि प्रदेश में बिजली बिल भुगतान प्रणाली को अपग्रेड करने के लिए 27 से 30 जनवरी तक ऑनलाइन सेवाएं बंद रहेंगी। वही एटीपी, सीएससी, मोर बिजली ऐप समेत अन्य ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित होंगी।
आपको बता दे कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के केंद्रीयकृत डाटा सेंटर के अपग्रेड का कार्य आगामी 27 जनवरी शाम 6 बजे से अगले दो दिनों तक किया जाएगा। इस दौरान पूरे प्रदेश में विद्युत कंपनी उपभोक्ता सेवा से जुड़ी और दूसरी अन्य ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित होंगी। सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक मनोज खरे ने बताया कि 27 जनवरी की शाम 6 बजे से 30 जनवरी की सुबह 10 बजे तक नेटवर्क उन्नयन कार्य किया जाएगा।
इस दौरान कंपनी की ऑल टाइम पेमेंट (एटीपी) मशीन, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), ऑनलाइन बिल पेमेंट, पे प्वाइंट, मोर बिजली ऐप, पॉवर कंपनी की वेबसाइट, एसएमएस गेटवे, केंद्रीय कॉल सेंटर, बिडिंग समेत अन्य ऑनलाइन सेवाएं बाधित रहेंगी।
मनोज खरे ने आगे बताया कि नेटवर्क उन्नयन के लिए विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा का ध्यान रखा गया है। आम उपभोक्ता परेशान ना हो इसलिए छुट्टी के दिनों में उन्नयन कार्य संपादित किया जा रहा है। बिजली बिल भुगतान के लिए प्रदेशभर में निर्धारित अंतिम तिथि के बाद ही इस कार्य को किया जा रहा है। इसके अलावा बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित वितरण केंद्रों और स्थानीय स्तर पर निर्धारित कार्यालयों पर संपर्क किया जा सकेगा।