आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बड़ा इजाफा, अब मिलेंगे 12 हजार रुपये : योगी आदित्यनाथ का ऐलान

अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ऐलान, सहायिकाओं का मानदेय भी बढ़कर होगा 6 हजार; 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर

अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान करते हुए कहा कि अब उन्हें हर महीने 8 हजार रुपये के बजाय 12 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।

इसी तरह आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है। सहायिकाओं को अब तक मिलने वाले 4 हजार रुपये के स्थान पर 6 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

अतिरिक्त साड़ी के लिए भी मिलेगी राशि

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को अतिरिक्त साड़ी के लिए भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार की इन घोषणाओं से प्रदेश में बड़ी संख्या में कार्यरत आंगनबाड़ी कर्मियों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।

आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था पर बोले मुख्यमंत्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति ठीक नहीं थी और कई केंद्र वीरान पड़े रहते थे। उनका आरोप था कि केंद्रों के लिए भेजी जाने वाली धनराशि का भी दुरुपयोग किया जाता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ ही कार्यकर्ताओं की भूमिका और जिम्मेदारियों को भी मजबूत किया है। सरकार का उद्देश्य आंगनबाड़ी व्यवस्था को प्रभावी बनाकर बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक योजनाओं का लाभ बेहतर तरीके से पहुंचाना है।