बेनपल्ली में नक्सलियों का तांडव, उपसरपंच को मौत के घाट उतारा
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नक्सलियों ने एक गांव के उपसरपंच की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी है। यह मामला जगरगुंडा थाना क्षेत्र के बेनपल्ली गांव का है, जो कि नक्सल प्रभावित तारलागुड़ा पंचायत के अंतर्गत आता है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम करीब 4 से 5 नक्सली ग्रामीण वेशभूषा में गांव पहुंचे और उपसरपंच को उनके घर से बाहर बुलाया। इसके बाद कुछ दूरी ले जाकर रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को उनके घर के बाहर फेंक दिया गया और सभी नक्सली मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गांव के लोगों तथा परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक को कुछ दिनों से नक्सलियों की ओर से धमकियां मिल रही थीं। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या नक्सलियों ने किसी प्रकार का पर्चा छोड़ा है या नहीं। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।
