बीरगांव नगर निगम में मनाया गया ‘नमस्ते दिवस’: सफाई मित्रों के लिए लगा स्वास्थ्य शिविर, बांटी गई पीपीई किट; सुरक्षा को लेकर किया जागरूक

बीरगांव (रायपुर): नगर पालिक निगम बीरगांव में आज स्वच्छता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल की गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और आवासन व शहरी कार्य मंत्रालय के सहयोग से देश भर में चलाई जा रही राष्ट्रीय यांत्रिकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र कार्य योजना (NAMASTE) के तहत नगर निगम बीरगांव में गरिमामय ढंग से ‘नमस्ते दिवस’ का आयोजन किया गया।

शून्य मृत्यु दर और स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा है लक्ष्य

इस योजना की शुरुआत स्वच्छता कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छता कार्यों के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और शून्य मृत्यु दर (Zero Mortality) हासिल करना है।

इसी उद्देश्य के साथ आज (14 जुलाई 2026) बीरगांव निगम में आयोजित कार्यक्रम में सभी स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें पीपीई किट (PPE Kits) प्रदान की गई। इसके अलावा, सफाई कर्मियों के शारीरिक कल्याण के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर (Health Camp) का भी आयोजन किया गया, जिसमें उनका निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

सुरक्षा के नियमों का पालन करना अनिवार्य: स्वास्थ्य अधिकारी

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल ने उपस्थित स्वच्छता कर्मियों को ‘नमस्ते योजना’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों को कार्य के दौरान बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों के बारे में बताया और सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस गरिमामय कार्यक्रम में बीरगांव नगर निगम के महापौर श्री नंदलाल देवांगन, आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, पार्षद श्री खेमलाल साहू, निगम सचिव श्रीमति श्वेता अम्बिलकर, स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल, स्वच्छता निरीक्षक श्री राजेश सिंह क्षत्रिय, जिला समन्वयक PIU श्री विकास जांगड़े, APM एकता दीवान सहित सभी सफाई सुपरवाइजर, सफाई कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं।