रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी अमिता श्रीवास को दी बधाई, कहा- पूरे देश के लिए गर्व का विषय

रायपुर: दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर इतिहास रचने वाली छत्तीसगढ़ की होनहार पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास ने आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अमिता को इस ऐतिहासिक और गौरवशाली उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस खास अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय भी उपस्थित थीं।

सीमित संसाधनों में अमिता ने रचा इतिहास: मुख्यमंत्री

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अमिता के साहस की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अमिता श्रीवास ने अपने अदम्य साहस, इच्छाशक्ति, कड़े अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर विश्व की सबसे ऊँची चोटी पर भारत का तिरंगा लहराया है।

उन्होंने आगे कहा कि अमिता ने न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य के प्रति समर्पण का यह उदाहरण प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम है।


22 मई को फहराया था दुनिया की सर्वोच्च चोटी पर तिरंगा

उल्लेखनीय है कि जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने इसी वर्ष 22 मई को समुद्र तल से 8,848.86 मीटर ऊंची दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक कदम रखा था और वहां तिरंगा फहराकर छत्तीसगढ़ का नाम वैश्विक पटल पर रोशन किया।