रायपुर , 14 जुलाई 2023 : पीसीसी चीफ के पद से हटाए जानें के बाद विधायक मोहन मरकाम को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इसकी घोषणा हो चुकी है और आज मोहन मरकाम आधिकारिक तौर पर मंत्री पद की शपथ लेंगे। राजभवन में शपथ समारोह की तैयारियां पूरी हो गई है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा सीटों की संख्या के 15 प्रतिशत के हिसाब से मुख्यमंत्री को मिलाकर 13 मंत्री ही रह सकते हैं।
प्रेमसाय सिंह टेकाम ने दिया मंत्री पद से इस्तीफा
स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कल अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद मोहन मरकाम को मंत्री मंडल में शामिल करने की बात सामने आई। डॉ. टेकाम ने खुद इस्तीफे की पुष्टि कर दी और शाम को सीएम भूपेश बघेल को इस्तीफा सौंप दिया।
बुधवार को डा. टेकाम के इस्तीफे के बाद से ही मरकाम को मंत्री बनाने की चर्चा शुरू हो गई थी। माना जा रहा है कि मरकाम के 4 साल से कुछ ज्यादा के अध्यक्षीय कार्यकाल को पार्टी ने सफल माना है। इसलिए पद से हटाने के 24 घंटे के भीतर उन्हें मंत्री बनाने की घोषणा कर दी गई। पद से हटाने के 48 घंटे के भीतर वे मंत्रीपद की शपथ भी ले लेंगे।
सीएम के कहने पर दिया इस्तीफा : प्रेमसाय सिंह
प्रेमसाय सिंह टेकाम ने इस्तीफा देने के बाद मीडिया से कहा कि मंत्रिमंडल में किसे कहां जगह देनी है, ये मुख्यमंत्री तय करते हैं। मैंने मुख्यमंत्री के कहने पर इस्तीफा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि AICC की तरफ से आपको इस्तीफा देने के निर्देश है। उसके बाद मैंने तुरंत इस्तीफा दिया। मैं संगठन में रहकर काम करता रहूंगा।
हाईकमान ने एक दिन पहले ही दे दी थी जानकारी
पीसीसी चीफ रहे मोहन मरकाम ने कहा कि एक दिन पहले ही हाईकमान ने बता दिया था कि आपको प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाकर दूसरी जिम्मेदारी दे रहे हैं। हालांकि दूसरी जिम्मेदारी क्या है, यह नहीं बताया गया था। लेकिन आज पता चला कि मुझे मंत्रिमंडल में शामिल होकर सरकार में काम करने का मौका दिया गया है।
आज शपथ लेंगे मोहन मरकाम
सीएम भूपेश बघेल ने सत्ता और संगठन में फेरबदल पर कहा कि संगठन में लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारी मिलती रहती है। रायपुर महाअधिवेशन में पारित हुआ था कि 50 फीसदी सीटे 50 साल के कम उम्र वालों को मिलनी चाहिए। दीपक बैज 42 साल के हैं। इसी तरह, मरकाम भी 14 जुलाई को मंत्री पद की शपथ लेंगे।