भिलाई निगम क्षेत्र में विधायक, महापौर और आयुक्त ने किया निरीक्षण, अवैध भवन तोड़ने के निर्देश
भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई जोन क्रमांक–1 नेहरू नगर में नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट, आकाश गंगा सुपेला सब्जी मंडी, स्लाटर हाउस और सुपेला थाना के पीछे अवैध सामाजिक भवन का निरीक्षण शनिवार को वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल और आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने किया।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट में वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाने और उखड़े हुए पेवर ब्लॉक बदलने को कहा गया।
सुपेला सब्जी मंडी स्थानांतरित होगी
निरीक्षण में पाया गया कि आकाश गंगा स्थित सब्जी मंडी का स्थल छोटा होने से राहगीरों को दिक्कत होती है। तय किया गया कि मंडी को अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। फिलहाल नए स्थल का चयन किया जा रहा है।
स्लाटर हाउस संचालन जल्द
नेहरू नगर स्थित स्लाटर हाउस के संचालन के लिए निविदा जारी की गई है। आयुक्त ने ठेकेदार को सभी नियम-शर्तों के अनुरूप प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र काम शुरू करने के निर्देश दिए।
अवैध सामाजिक भवन पर कार्रवाई
सुपेला थाना के पीछे एस.एल.आर.एम. सेंटर के पास अवैध रूप से बनाए गए सामाजिक भवन को हटाने के लिए आयुक्त ने जोन-1 के सहायक राजस्व अधिकारी अजय शुक्ला को निर्देशित किया। इसके बाद तत्काल राजस्व टीम ने कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उपअभियंता बसंत देवांगन, सहायक राजस्व अधिकारी अजय शुक्ला और जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना उपस्थित रहे।
