50 लाख की चोरी पर मंत्री राजेश अग्रवाल नाराज, TI को फोन कर बोले- चोर नहीं पकड़ सकते तो मुझे छुड़ाने आ जाइए
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री चोरी के मामले में कार्रवाई में देरी को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। उन्होंने फोन पर TI से कहा कि अगर चोरों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने आ जाइए। मामला एक ट्रेडिंग कंपनी में हुई करीब 50 लाख रुपये की कथित चोरी से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में चोरी की शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस दौरान पुलिस पर लापरवाही के आरोप भी लगाए गए।
व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने मौके से ही कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगाया। उन्होंने कहा कि 40-50 व्यापारियों ने उन्हें बांधकर बैठा लिया है। यदि पुलिस चोरों को नहीं पकड़ पा रही है तो उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस टीम भेज दी जाए। मंत्री के सख्त रुख के बाद थाना प्रभारी ने दो दिन के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
चार महीने में 50 लाख से अधिक की हेराफेरी का आरोप
मामला खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में 50 लाख रुपये की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में कंपनी की बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर फर्जी सील और रसीदें तैयार कर कंपनी के सामान की हेराफेरी करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि पिछले चार महीनों के दौरान पिकअप और अन्य वाहनों के जरिए कंपनी का सामान गंगापुर स्थित एक अन्य गोदाम में पहुंचाया गया।
कंपनी के एक कर्मचारी से मिली जानकारी के बाद सामान का मिलान कराया गया, जिसमें 50 लाख रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी सामने आई। फिलहाल इस मामले में मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस की कार्रवाई पर व्यापारियों और कंपनी संचालक की नजरें टिकी हुई हैं।
