ओलिंपिक में दो ब्रॉन्ज जीतने वाली मनु भाकर को मिल सकता है खेल रत्न: खेल मंत्रालय नॉमिनेशन पर कर रहा विचार
पेरिस ओलिंपिक में दो ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली शूटर मनु भाकर को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड मिलने की संभावना है। पहले राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की शॉर्टलिस्ट में मनु का नाम शामिल नहीं था, जिससे विवाद खड़ा हो गया था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने मनु का नाम खेल रत्न के लिए नहीं भेजा था। विवाद बढ़ने के बाद अब एसोसिएशन ने खेल मंत्रालय से खुद संपर्क किया है। खेल मंत्रालय भी अब मनु भाकर के नॉमिनेशन पर विचार कर रहा है और उन्हें आर्टिकल 5.1 और 5.2 के तहत नामांकित कर सकता है। इन नियमों के अनुसार, खिलाड़ी खुद भी आवेदन कर सकते हैं, और मंत्रालय के पास भी दो खिलाड़ियों को नॉमिनेट करने का अधिकार होता है।
खेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, “अभी अंतिम नाम तय नहीं हुए हैं। एक सप्ताह के भीतर पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी। मनु का नाम फाइनल लिस्ट में शामिल होने की पूरी संभावना है।”
इससे पहले, मनु भाकर के पिता ने नॉमिनेशन लिस्ट से नाम गायब होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि मनु ने कई बार खेल रत्न और अन्य पुरस्कारों के लिए आवेदन किया है, लेकिन उनकी अनदेखी की गई।
मनु भाकर ने पेरिस ओलिंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल इंडिविजुअल और मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। उनके शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने कुल 6 मेडल हासिल किए।
