बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी अब किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बन गई हैं। उन्होंने शुक्रवार को प्रयागराज में संगम तट पर पिंडदान किया और अब वे ‘यामाई ममता नंद गिरि’ के नाम से जानी जाएंगी।
53 साल की ममता ने आज सुबह महाकुंभ में किन्नर अखाड़े में कदम रखा। यहां उन्होंने किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक महामंडलेश्वर बनने को लेकर चर्चा हुई, जिसके बाद किन्नर अखाड़े ने उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी देने का ऐलान किया।
इसके बाद महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ममता को लेकर अखिल भारतीय अखाड़े के अध्यक्ष रविंद्र पुरी के पास पहुंचीं, जहां दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इसके बाद ममता का महामंडलेश्वर बनने की प्रक्रिया शुरू की गई। ममता साध्वी के रूप में महाकुंभ में शामिल हुईं और भगवा कपड़े पहनकर, गले में रुद्राक्ष की दो बड़ी माला और कंधे पर भगवा झोला डाले दिखीं।
ममता ने महाकुंभ में अपनी उपस्थिति को ‘यादगार पल’ बताया और कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि वह इस पवित्र अवसर पर संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर रही हैं।
महामंडलेश्वर बनने के बाद ममता ने जवाब दिए कुछ सवालों के
सवाल: आप धर्म-कर्म में कैसे रम गईं? क्या यह बदलाव अचानक हुआ? जवाब: नहीं, यह अचानक नहीं है। साल 2000 से मैंने अपनी तपस्या शुरू की थी और मेरे गुरु श्री चैतन्य गगन गिरी गुरु नाथ हैं। 23 साल से मेरी तपस्या चल रही है। महामंडलेश्वर बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है।
सवाल: अब बॉलीवुड में दोबारा एंट्री करेंगी? जवाब: नहीं, अब मेरा बॉलीवुड से कोई नाता नहीं है। मैंने 23 साल पहले बॉलीवुड छोड़ दिया था और अब मुझे इस नई भूमिका में सम्मान मिल रहा है।
सवाल: 23 साल पहले ऐसा क्या हुआ कि आप अध्यात्म में रम गईं? जवाब: यह सब महाकाल और आदिशक्ति की इच्छा है। जब किन्नर अखाड़े ने महामंडलेश्वर की पदवी दी, तब मैंने इसे स्वीकार किया, क्योंकि यहां आपको स्वतंत्रता मिलती है।
सवाल: महामंडलेश्वर बनने के बाद आपके फैन्स आपको कैसे देखेंगे? जवाब: महालक्ष्मी त्रिपाठी का अखाड़ा स्वतंत्रता देता है कि आप भौतिक जीवन भी जी सकते हैं और धार्मिक कार्य भी कर सकते हैं। मैं इस मध्य मार्ग को अपनाकर 23 साल बाद मुंबई आई हूं।
सवाल: महाकुंभ में कब तक रहेंगी? जवाब: मैं एक-दो फरवरी तक यहां कल्पवास पर रहूंगी और साधना करूंगी।
विवादों में रही ममता कुलकर्णी
ममता कुलकर्णी ने बॉलीवुड में शाहरुख खान, सलमान खान और अजय देवगन जैसे बड़े स्टार्स के साथ काम किया था, लेकिन वे उस समय विवादों में आईं जब उन्होंने 1993 में स्टारडस्ट मैगजीन के लिए टॉपलेस फोटोशूट कराया था। इसके बाद, डायरेक्टर राजकुमार संतोषी ने उन्हें फिल्म ‘चाइना गेट’ में लीड एक्ट्रेस के रूप में लिया था, लेकिन फिल्म फ्लॉप साबित हुई और ममता ने संतोषी पर सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप भी लगाया।