अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा: एअर इंडिया का ड्रीमलाइनर क्रैश, पूर्व CM विजय रूपाणी समेत 242 लोग सवार, 100 से अधिक की मौत की आशंका
अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान क्रैश हो गया है। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक थे। हादसे की जगह से अब तक 100 से अधिक शव मिलने की पुष्टि हो चुकी है।
विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के नज़दीक क्रैश हुआ। यह एक बिल्डिंग से टकराया, जिसमें सिविल हॉस्पिटल अहमदाबाद के इंटर्न डॉक्टर्स का हॉस्टल था। इस बिल्डिंग में लगभग 50-60 डॉक्टर्स मौजूद थे, जिनके मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। साथ ही 15 डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी और दो मिनट बाद ही 1:40 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान के गिरते ही पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। उनके साथ उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी अहमदाबाद पहुंच रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी अपनी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे। उनकी सीट संख्या 12 थी।

विमान के कैप्टन सुमीत सब्बरवाल थे, जिनके पास 8200 घंटे का उड़ान अनुभव था। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे, जिन्हें 1100 घंटे का अनुभव था। कैप्टन एक लाइन ट्रेनिंग कैप्टन (LTC) थे, जो अन्य पायलटों को प्रशिक्षण भी देते हैं।
हादसे के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सभी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है।

वडोदरा और सूरत से राहत और बचाव टीमें भेजी गई हैं। फायर ब्रिगेड की 25 गाड़ियाँ मौके पर पहुंच चुकी हैं। अब तक विमान के मलबे से 50 शव बरामद किए जा चुके हैं। राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।


