पर्यटन के क्षेत्र में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की बड़ी उपलब्धि

‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से सम्मानित हुआ जीपीएम जिला, धनपुर पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन

रायपुर। पर्यटन के क्षेत्र में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत, पुरातात्विक स्थलों और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को पर्यटन मानचित्र पर प्रभावी ढंग से स्थापित करने के प्रयासों को राज्य स्तर पर सम्मान मिला है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने जिले को ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया है।

राजधानी रायपुर में 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और ‘छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन’ (सीजीटीटीए) के संयुक्त आयोजन में ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कार्यक्रम के दौरान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।

धनपुर की विरासत को मिली नई पहचान

कार्यक्रम में जिले की महत्वपूर्ण पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर केंद्रित एक आकर्षक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। पुस्तक के माध्यम से धनपुर की पुरातात्विक विशेषताओं, ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को चित्रों एवं रोचक जानकारी के साथ प्रस्तुत किया गया है।

कॉफी टेबल बुक का विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, कलेक्टर जीपीएम विजय दयाराम के. तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने किया।

यह प्रकाशन धनपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके जरिए धनपुर को प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ जिले के अन्य पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों की ओर भी पर्यटकों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया है।

प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है जीपीएम

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला अपने प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए भी जाना जाता है। जिले में मौजूद विभिन्न पर्यटन स्थलों की पहचान, संरक्षण, विकास और प्रचार-प्रसार के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पर्यटन स्थलों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने, उनकी विशेषताओं को व्यापक स्तर तक पहुंचाने और स्थानीय पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में किए जा रहे इन प्रयासों को ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ के रूप में महत्वपूर्ण पहचान मिली है।

यह सम्मान जिले की पर्यटन क्षमता को प्रदेश और देश के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के प्रयासों को नई गति देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों, रोजगार और आर्थिक अवसरों के विस्तार की संभावनाओं को भी मजबूत करेगा।