महादेव बेटिंग ऐप केस: जयपुर में ड्राई फ्रूट व्यापारी के घर ईडी का छापा, देशभर में 60 ठिकानों पर एकसाथ कार्रवाई
जयपुर, 16 अप्रैल 2025 — महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को जयपुर समेत देशभर में 60 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। छत्तीसगढ़ से आई ईडी की टीम ने जयपुर के सोडाला इलाके स्थित एपल रेजीडेंसी में ड्राई फ्रूट व्यापारी भरत दाधीच के फ्लैट पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुरक्षा बल भी मौके पर मौजूद रहे।
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई का दायरा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश (भोपाल), पश्चिम बंगाल (कोलकाता), दिल्ली और राजस्थान तक फैला हुआ है। जिन ठिकानों पर सर्च हो रही है, वे महादेव बेटिंग ऐप से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े माने जा रहे हैं।
नेताओं, अफसरों और व्यापारियों के भी कनेक्शन
ईडी को मनी लॉन्ड्रिंग, क्रिप्टो करेंसी और शैल कंपनियों से जुड़ी जानकारी जयपुर से मिली थी, जिसके आधार पर यह छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई की जद में कई बड़े राजनेता, वरिष्ठ अफसर, पुलिस अधिकारी, व्यापारी और महादेव ऐप के मुख्य संचालक भी हैं। जयपुर के कुछ अन्य बड़े व्यापारियों के बैंक खाते भी इस नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।

डॉक्युमेंट्स और डिजिटल सबूत बरामद
छापेमारी के दौरान ईडी को कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत हाथ लगे हैं। इन दस्तावेजों में अवैध सट्टा रैकेट में शामिल प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के संकेत हैं। एजेंसी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में इस केस में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
महादेव ऐप का नेटवर्क और करोड़ों का अवैध कारोबार
महादेव बेटिंग ऐप पिछले कुछ वर्षों में भारत का सबसे बड़ा ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म बन गया है। यह ऐप और वेबसाइट के माध्यम से क्रिकेट, फुटबॉल जैसे खेलों पर अवैध सट्टा लगाने की सुविधा देता है। इसके जरिए करोड़ों रुपए का लेन-देन हो चुका है।
इस रैकेट का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है, जिसमें कई रसूखदार लोग भी शामिल हैं। ईडी पहले भी इस घोटाले में बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। करोड़ों की संपत्ति जब्त की गई थी और कुछ प्रमुख संचालकों को गिरफ्तार भी किया गया था।
