क्रिकेट जगत में शोक की लहर, वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गार्फिल्ड सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन

खेल डेस्क: क्रिकेट इतिहास के सबसे महान ऑलराउंडरों में शुमार वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज सर गार्फिल्ड सोबर्स (Sir Garfield Sobers) का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन की ख़बर से पूरी खेल दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है। सोबर्स ने 1954 से 1974 के बीच वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट और 1 वनडे मैच खेला था, जिसमें उन्होंने अपनी जादुई बल्लेबाजी और गेंदबाजी से कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाए।

क्रिकेट के मैदान पर उनकी बहुमुखी प्रतिभा का कोई सानी नहीं था। वह एक ही मैच में आक्रामक बल्लेबाजी करने के साथ-साथ बाएं हाथ से ऑर्थोडॉक्स स्पिन, रिस्ट स्पिन और जरूरत पड़ने पर मीडियम पेस गेंदबाजी भी कर लेते थे।

जब बनाया था 365 रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड

बारबाडोस में जन्मे सोबर्स ने महज 16 साल की उम्र में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट और 18 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। साल 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा और उसे सीधे 365 रन की ऐतिहासिक नाबाद पारी में बदल दिया।

यह उस समय टेस्ट क्रिकेट इतिहास का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर था, जो साल 1994 में ब्रायन लारा (375 रन) के तोड़ने तक बरकरार रहा। यह आज भी टेस्ट क्रिकेट में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा ‘पहला टेस्ट शतक’ (Highest Maiden Test Century) है।

एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी

सर गार्फिल्ड सोबर्स के नाम क्रिकेट का एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज है जिसने इस खेल को हमेशा के लिए बदल दिया। साल 1968 में नॉटिंघमशायर के लिए खेलते हुए उन्होंने ग्लेमोर्गन के खिलाफ एक ओवर में 6 छक्के जड़ने का कारनामा किया था। वह प्रोफेशनल क्रिकेट में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे।

महान कप्तान फ्रैंक वोरेल के बाद उन्होंने वेस्टइंडीज टीम की कमान भी संभाली और 39 टेस्ट मैचों में कप्तानी की। सोबर्स और दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस ही दुनिया के ऐसे दो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 8,000 से अधिक रन और 200 से अधिक विकेट का डबल अपने नाम किया है।

“धरती के सबसे महान क्रिकेटर चले गए” – सुनील गावस्कर

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने सोबर्स के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा:

“यह क्रिकेट के खेल के लिए संभवतः सबसे दुखद दिन है। इस धरती पर चलने वाला सबसे महान क्रिकेटर हमें छोड़कर चला गया है। सर गार्फिल्ड सोबर्स के योगदान के साथ कोई भी शब्द कभी न्याय नहीं कर सकता। बचपन में जब हम बल्ला या गेंद उठाते थे, तो हम सब उनके जैसा ही बनने का सपना देखते थे। उनकी यादें हमेशा मेरे दिल के करीब रहेंगी। रिप सर गार्फिल्ड।”