मत्स्य विभाग के संयुक्त संचालक देव कुमार सिंह एक लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
नवा रायपुर स्थित संचालनालय इंद्रावती भवन में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी)की टीम ने बुधवार दोपहर 2 बजे छापा मारकर मछली पालन विभाग के संयुक्त संचालक को ट्रैप किया है। संचालक ने विभागीय काम करने और फाइल आगे बढ़ाने के लिए कर्मचारी से दो लाख की रिश्वत मांगी थी। वो लगातार पैसों के लिए कर्मचारी को परेशान कर रहे थे।
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि जांजगीर-चांपा मछली पालन विभाग में नरेंद्र श्रीवास उप अभियंता हैं। जांजगीर-चांपा की फाइल संयुक्त संचालक देव कुमार सिंह के यहां फंसी हुई है। उसे आगे बढ़ाने के लिए देव कुमार लगातार पैसों की डिमांड कर रहा था। उन्होंने दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी। तब नरेंद्र ने इसकी शिकायत एसीबी में की। शिकायत के बाद एसीबी ने देव कुमार को रंगे हाथ पकड़ने की प्लानिंग की। नरेंद्र श्रीवास एक लाख लेकर एसीबी दफ्तर पहुंचा। जहां उसके नोटों में केमिकल लगाया गया। नरेंद्र के साथ एसीबी के अधिकारी उसके रिश्तेदार बनकर संचालनालय पहुंचे। जहां नरेंद्र श्रीवास ने देव कुमार को पहली किश्त एक लाख दी। पैसा लेकर उन्होंने अपने बैग में रख लिए और तभी एसीबी ने देव कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत लेने के आरोप में तुरंत उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है।
