महासमुंद में सिंचाई व्यवस्था होगी मजबूत, 6 योजनाओं के लिए 25.67 करोड़ की मंजूरी

रायपुर, 09 सितंबर 2026। महासमुंद जिले में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जल संसाधन विभाग ने जिले की 6 सिंचाई परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण, जीर्णोद्धार और निर्माण कार्यों के लिए कुल 25 करोड़ 67 लाख 92 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जिले में करीब 817 हेक्टेयर कृषि भूमि को बेहतर सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। जल संसाधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन से इस संबंध में महानदी गोदावरी कछार, रायपुर के मुख्य अभियंता को स्वीकृति जारी कर दी गई है।

डूमरपाली एनीकट से 100 हेक्टेयर खेतों को मिलेगा पानी

सरायपाली क्षेत्र के ग्राम डूमरपाली में कटंगी नाला पर एनीकट निर्माण के लिए 3 करोड़ 52 लाख 99 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना से करीब 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। एनीकट बनने से जल संरक्षण के साथ आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

राजाडेरा जलाशय की नहरों का होगा सुदृढ़ीकरण

पिथौरा क्षेत्र के राजाडेरा जलाशय की नहरों के सुदृढ़ीकरण और लाइनिंग कार्य के लिए लगभग 4.95 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य के पूरा होने से करीब 76 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।

कुन्ती नाला व्यपवर्तन योजना में 170 हेक्टेयर को लाभ

कुन्ती नाला व्यपवर्तन योजना के शीर्ष कार्य, नहर के जीर्णोद्धार और सीसी लाइनिंग के लिए 4 करोड़ 74 लाख 31 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। योजना के तहत आवश्यक सुधार कार्य पूरे होने के बाद करीब 170 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

जामली जलाशय की नहरों की होगी रिमॉडलिंग

महासमुंद क्षेत्र के जामली जलाशय में शीर्ष कार्यों की मरम्मत, नहरों की रिमॉडलिंग और लाइनिंग के साथ पक्के निर्माणों की मरम्मत की जाएगी। इसके लिए 4.24 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। कार्य पूर्ण होने पर लगभग 202 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।

परसदा जलाशय के जीर्णोद्धार पर 4.22 करोड़ खर्च

महासमुंद के परसदा जलाशय के शीर्ष जीर्णोद्धार के साथ नहरों की रिमॉडलिंग और लाइनिंग का काम कराया जाएगा। इसके लिए 4.22 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना से करीब 166 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी।

छपोराडीह जलाशय में नहरों का होगा उन्नयन

महासमुंद के छपोराडीह जलाशय की नहरों की रिमॉडलिंग, लाइनिंग और पक्के स्ट्रक्चरों के उन्नयन के लिए 3.97 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन कार्यों के पूरा होने से लगभग 103 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बेहतर होगी।

किसानों को मिलेगा सीधा फायदा

जिले की इन छह परियोजनाओं में एनीकट निर्माण से लेकर नहरों के जीर्णोद्धार, लाइनिंग और रिमॉडलिंग जैसे कार्य शामिल हैं। इनका उद्देश्य सिंचाई तंत्र को मजबूत करना, जल का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और किसानों तक सिंचाई का पानी अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।

सभी कार्य पूर्ण होने के बाद महासमुंद जिले में कुल 817 हेक्टेयर क्षेत्र को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे कृषि गतिविधियों को मजबूती मिलने के साथ किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं को कम करने में भी मदद मिलेगी।