खाड़ी में बढ़े हमलों के बाद भारत सरकार का बड़ा फैसला: होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय नाविकों की नई तैनाती पर रोक, अब तक 14 की मौत
नई दिल्ली/वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव का असर अब अंतरराष्ट्रीय व्यापार और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर दिखने लगा है। खाड़ी क्षेत्र में तेजी से बढ़ते सुरक्षा जोखिम को देखते हुए भारत सरकार ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने अगले आदेश तक होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों (सीफेयरर्स) की नई तैनाती पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
यह सख्त आदेश जहाज मालिकों, जहाज प्रबंधन कंपनियों और नाविकों की भर्ती करने वाली रिक्रूटमेंट एंड प्लेसमेंट सर्विस लाइसेंस (RPSL) कंपनियों पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
ईरानी हमलों में 14 भारतीय नाविकों ने गंवाई जान
सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब इसी हफ्ते होर्मुज स्ट्रेट और उसके आसपास के समुद्री इलाके में हुए ईरानी हमलों में दो और भारतीय नाविकों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 28 फरवरी से लेकर अब तक इस पूरे क्षेत्र में हुए विभिन्न हमलों में कम से कम 14 भारतीय नाविकों की जान जा चुकी है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने सभी समुद्री कंपनियों को अरब की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा इंटरनेशनल शिप एंड पोर्ट फैसिटी सिक्योरिटी (ISPS) कोड का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।
हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विदेशी शिपिंग कंपनी भारत के बाहर से नाविकों की भर्ती करती है, तो भारत सरकार का यह आदेश उन पर सीधे लागू नहीं होगा।
तनाव के बीच पिछले 24 घंटे के 5 बड़े वैश्विक अपडेट्स:
-
1. सुरक्षा लेने से बच रहीं कंपनियां: ईरानी हमलों के खौफ के कारण कई वैश्विक शिपिंग कंपनियां अब होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने के लिए अमेरिकी सेना की सुरक्षा सहायता लेने से भी कतरा रही हैं।
-
2. अमेरिकी हमलों में 35 ईरानियों की मौत: ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि हाल ही में अमेरिकी वायुसेना द्वारा किए गए हवाई हमलों में उनके 35 से अधिक नागरिकों की मौत हुई है।
-
3. जंग के बीच अमेरिका जाएंगे नेतन्याहू: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू शनिवार को अमेरिका के दौरे पर जाएंगे। वे दिवंगत अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम को श्रद्धांजलि देने वहां पहुंच रहे हैं।
-
4. अचानक कतर पहुंचे ईरानी विदेश मंत्री: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अचानक कतर की राजधानी दोहा पहुंचे हैं, जहाँ वे एक विशेष समारोह में हिस्सा लेंगे।
-
5. लापता भारतीय नाविक की मौत की पुष्टि: ओमान के तट के पास 12 जुलाई को कारोबारी जहाज ‘GFS गैलेक्सी’ पर हुए हमले के बाद से लापता एक भारतीय नाविक की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो गई है।
