IND vs SL Test Series: श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम का हुआ ऐलान, रवींद्र जडेजा की वापसी; 33 साल के सारांश जैन को मिला पहला बुलावा
नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ अगस्त में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। शुभमन गिल की कप्तानी में उतरने वाली इस टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है, वहीं मध्य प्रदेश के 33 वर्षीय ऑलराउंडर सारांश जैन को उनके शानदार घरेलू प्रदर्शन का इनाम देते हुए पहली बार राष्ट्रीय टीम में चुना गया है।
वॉशिंगटन सुंदर की जगह सारांश जैन की सरप्राइज एंट्री
वॉशिंगटन सुंदर इंग्लैंड दौरे पर लगी हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण पहले टेस्ट मैच से बाहर हो चुके हैं। सुंदर की गैरमौजूदगी में चयनकर्ताओं ने घरेलू क्रिकेट और इंडिया ‘A’ के लिए लगातार प्रभावित करने वाले ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन पर भरोसा जताया है।
33 साल के सारांश जैन ने 54 प्रथम श्रेणी (First-Class) मैचों में 188 विकेट हासिल किए हैं और बल्ले से 31.75 की औसत से 2223 रन बनाए हैं। हाल ही में श्रीलंका ‘A’ के खिलाफ इंडिया ‘A’ सीरीज के दौरान उन्होंने 7 विकेट चटकाने के साथ नाबाद 70 रनों की महत्वपूर्ण पारी भी खेली थी।
बुमराह और साई सुदर्शन का चयन ‘फिटनेस क्लीयरेंस’ के अधीन
टीम में स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और नंबर-3 के बल्लेबाज साई सुदर्शन को शामिल तो किया गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता BCCI Center of Excellence (CoE) से मिलने वाले फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी। बुमराह इंग्लैंड दौरे पर घुटने की चोट का शिकार हो गए थे। इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी भी चोट से उबर रहे हैं, इसलिए वह इस दौरे का हिस्सा नहीं हैं।
जडेजा लौटे, केएल राहुल बने उप-कप्तान
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से आराम पाने वाले अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की वापसी से टीम को काफी मजबूती मिलेगी। वहीं बल्लेबाजी विभाग में केएल राहुल को उप-कप्तान बरकरार रखा गया है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत संभालेंगे, जबकि ध्रूव जुरेल बैकअप की भूमिका में रहेंगे।
टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल:
भारत और श्रीलंका के बीच 9 साल बाद श्रीलंका की धरती पर टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इससे पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिवसीय वार्म-अप मैच खेलेगी।
-
पहला टेस्ट: 15 से 19 अगस्त (गॉल)
-
दूसरा टेस्ट: 23 से 27 अगस्त (कोलंबो – SSC)
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए 15-सदस्यीय भारतीय टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।
