नया रायपुर में 11 से 14 मार्च तक ‘आईकॉनिक एक्सपो 2026’, माइनिंग और कंस्ट्रक्शन मशीनों की लगेगी प्रदर्शनी
रायपुर । खनन और निर्माण क्षेत्र में उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरणों और मशीनों की भव्य प्रदर्शनी 11 से 14 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में होने जा रहा है, जहां आईकॉनिक एक्सपो 2026 के तहत देशभर की कंपनियां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।
इस संबंध में इंडियन माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आईकॉनिक एक्सपो के प्रभारी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि हर बार की तरह इस वर्ष भी माइनिंग और कंस्ट्रक्शन उद्योग से जुड़े निर्माता अपने-अपने उपकरणों और मशीनों को प्रदर्शित करेंगे।
प्रदर्शनी में इस उद्योग से जुड़े विक्रेताओं और खरीदारों को एक ही स्थान पर विभिन्न मशीनों और उपकरणों की जानकारी मिलेगी। इसमें बेको लोडर, एक्सकैवेटर, रॉक ब्रेकर, बाइब्रो रीपर, लोडर, ट्रक, क्रेन, स्टोन क्रशर, रबर पार्ट्स, स्पेयर पार्ट्स सहित कई प्रकार की मशीनों और उनके पार्ट्स प्रदर्शित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, एक्सपो में खरीदे जाने वाले उपकरणों और मशीनों पर विक्रेताओं को विशेष छूट भी प्रदान की जाएगी। इस बार दुर्ग जिले में निर्मित एक नया उपकरण ‘वाइनो रीपर’ भी प्रदर्शित किया जाएगा, जो खदानों में ब्लास्टिंग का एक आधुनिक विकल्प माना जा रहा है।
ICONEQ 2026 एक्सपो में इस बार भी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के राष्ट्रीय स्तर के खनन विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे, जिनसे उद्योग से जुड़े क्रेता और विक्रेता अपने अनुभव साझा कर सकेंगे।
वहीं आयोजन समिति के संयुक्त सचिव गगन मिश्रा ने बताया कि इस बार सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय से मान्यता मिलने के बाद एक्सपो में भाग लेने वाले एक्ज़िबिटर्स को उनके वर्ग के अनुसार 80 से 100 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक प्रदर्शक इसमें भाग ले सकेंगे और विज़िटर्स को भी इसका लाभ मिलेगा।
