जयपुर में हिटमैन का धमाकेदार बर्थडे सेलिब्रेशन, रोहित शर्मा हुए 38 के
भारतीय वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को अपना 38वां जन्मदिन जयपुर में मनाया। इस खास मौके पर होटल राजपुताना शेरेटन में एक स्पेशल केक तैयार किया गया, जिस पर रोहित की चुनिंदा तस्वीरें और ‘हैप्पी बर्थडे हिटमैन’ लिखा गया था।
जन्मदिन की इस पार्टी में रोहित की पत्नी रितिका, बच्चे और मुंबई इंडियंस (MI) के साथी खिलाड़ी शामिल हुए। रितिका ने रोहित को केक खिलाया और जन्मदिन की बधाई दी। वहीं सूर्यकुमार यादव ने मज़ाकिया अंदाज में रोहित के चेहरे पर केक लगाया।
मुंबई इंडियंस का मुकाबला गुरुवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स से होना है।
मां ने भावुक अंदाज में दी बधाई
रोहित की मां पूर्णिमा शर्मा ने इंस्टाग्राम पर रोहित के बचपन से लेकर अब तक की यादों को समेटते हुए 12 तस्वीरों का कोलाज पोस्ट किया और लिखा, “हैप्पी बर्थडे टू ए ग्रेट सन।”

सोशल मीडिया पर क्रिकेट जगत की शुभकामनाएं
रोहित के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, चेन्नई सुपर किंग्स समेत कई आईपीएल टीमों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। चेन्नई सुपर किंग्स ने रोहित को ‘द प्राइड ऑफ ए बिलियन’ बताते हुए देश का गर्व कहा।
राजस्थानी अंदाज में हुआ फैमिली का स्वागत
मुंबई इंडियंस की टीम सोमवार को जयपुर पहुंची थी, जबकि रोहित की पत्नी और बच्चे मंगलवार को आए। रोहित खुद उन्हें एयरपोर्ट लेने पहुंचे और होटल में राजस्थानी पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया।
बुमराह ने की यॉर्कर प्रैक्टिस, पोलार्ड ने दिए बल्लेबाजी टिप्स
टीम ने मंगलवार शाम को SMS स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस की। जसप्रीत बुमराह ने यॉर्कर गेंदबाजी की तैयारी की, वहीं बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड खिलाड़ियों को बैटिंग टिप्स देते नजर आए।

