रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में “डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन” सेवा का भव्य शुभारंभ
रायपुर। राजधानी रायपुर में नागरिक सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में आज “डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन” सेवा का भव्य शुभारंभ किया गया। रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने 54 नवीन इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों (ERV) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, नवीन अग्रवाल, मीनल चौबे, डॉ. संजीव शुक्ला, अमित कांबले, गौरव कुमार एवं श्वेता सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेश मूणत ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से सुरक्षित एवं नक्सल मुक्त राज्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है और डायल-112 का नेक्स्ट जनरेशन मॉडल आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाएगा।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पहले डायल-112 सेवा केवल 16 जिलों तक सीमित थी, जिसे अब विस्तार देकर प्रदेश के सभी 33 जिलों में लागू किया गया है। रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र हेतु 33 तथा ग्रामीण क्षेत्र हेतु 21 ERV सहित कुल 54 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के लिए 4 विशेष हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी तैनात किए गए हैं।

सभी वाहन अत्याधुनिक GPS सिस्टम, स्मार्ट कंट्रोल एवं मॉनिटरिंग सिस्टम, कॉल रिकॉर्डिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग और डिजिटल कम्युनिकेशन तकनीक से लैस हैं। डायल-112 सेवा के माध्यम से पुलिस रिस्पॉन्स टाइम 10 मिनट से कम रखने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
“एक्के नंबर – सब्बो बर” की अवधारणा पर आधारित इस सेवा के अंतर्गत अब नागरिक केवल ‘112’ डायल कर पुलिस सहायता, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन (1091), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), आपदा प्रबंधन एवं हाईवे इमरजेंसी जैसी सभी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
अंत में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आकस्मिक या आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 सेवा का उपयोग करें। पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं त्वरित सहायता हेतु 24 घंटे प्रतिबद्ध है।
