गौरेला पेण्ड्रा मरवाही : पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 31 जनवरी तक करें आवेदन
शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए 12वीं से उच्चतर कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब 31 जनवरी 2025 तक बढ़ा दी गई है। आवेदन प्रक्रिया पोस्ट मैट्रिक-स्कॉलरशीप डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन (https://postmatric-scholarship.cg.nic.in/) पर की जा रही है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने जानकारी दी कि जिले के सभी सरकारी और निजी महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक कॉलेज और आईटीआई में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा तक आवेदन करना होगा।
आवेदन के लिए छात्रों को ध्यान रखना होगा कि उनका बचत खाता सक्रिय हो और आधार सीडेड बैंक खाता नंबर की जानकारी ऑनलाइन आवेदन में दी जाए। इसके अलावा, सत्र 2024-25 से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को ओटीआर की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करनी होगी, जिसके लिए संस्थाएं विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगी।
