महतारी वंदन योजना में फर्जीवाड़ा: अभिनेत्री के नाम पर राशि ट्रांसफर, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बस्तर। महतारी वंदन योजना में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जिसमें राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है। योजना की राशि को फर्जी तरीके से अभिनेत्री के नाम पर ट्रांसफर किए जाने के मामले में मुख्य आरोपी वीरेंद्र जोशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही परियोजना अधिकारी ज्योति मथरानी और आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक प्रभा नेताम को निलंबित कर दिया गया है।
इस मामले में सोशल मीडिया पर एक फर्जी प्रमाणपत्र वायरल होने के बाद जांच शुरू हुई। जांच में पता चला कि राशि अभिनेत्री के खाते में नहीं, बल्कि आरोपी वीरेंद्र जोशी के बैंक खाते में स्थानांतरित की गई थी। जोशी ने स्थानीय स्तर पर मिलीभगत कर अपने आधार और अन्य जानकारी का उपयोग करते हुए आवेदन को सत्यापित कराया।
बस्तर विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र तालूर में फर्जीवाड़ा करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से आवेदन जमा किया गया। बिना तथ्यों की जांच किए पर्यवेक्षक और अन्य अधिकारियों ने इस फर्जी आवेदन को सत्यापित कर दिया। इसके चलते योजना की राशि डीबीटी के माध्यम से आरोपी के खाते में पहुंच गई।
इस प्रकरण में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसके बैंक खाते को सीज कर भुगतान की गई राशि की वसूली की कार्रवाई की जा रही है। राज्य सरकार ने इस फर्जीवाड़े को लेकर स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
