धमतरी में पहली बार एक साथ 4 बच्चों का जन्म, महिला ने 7 महीने में दिए स्वस्थ शिशु

जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां 30 वर्षीय महिला ने उपाध्याय नर्सिंग होम में 15 मार्च को एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया। इस घटना से क्षेत्र में हलचल मच गई है। नगरी ब्लॉक की यह महिला निर्धारित समय से पहले, महज 7 महीने की गर्भावस्था में, चार बच्चों को जन्म देने में सफल रही।
इन चारों शिशुओं में से तीन लड़कियाँ और एक लड़का था। जन्म के समय नवजात शिशुओं का वजन क्रमशः 1 किलो 500 ग्राम, 1 किलो 300 ग्राम, 1 किलो 100 ग्राम और 900 ग्राम था। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी बच्चों को अस्पताल के स्पेशल न्यूबोर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में रखा गया है और उनकी देखभाल सी-पैप मशीन के माध्यम से की जा रही है।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में बच्चों की लगातार निगरानी की जा रही है, और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।