अहमदाबाद में बाढ़ जैसे हालात, हिमाचल में बादल फटा, हजारों टूरिस्ट फंसे – देश के कई राज्यों में मानसून का कहर
रायपुर/नई दिल्ली, 26 जून 2025:- देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। गुजरात, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
गुजरात: अहमदाबाद और सूरत में बाढ़ जैसी स्थिति
अहमदाबाद में पिछले 12 घंटे से लगातार तेज बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया है। मणिनगर, वटवा, निकोल, विराट नगर सहित अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी जमा हो गया है।
-
बारिश के दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति ड्रेनेज लाइन में बह गया, जिसका शव दमकल विभाग ने 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 200 फीट दूर बरामद किया।
-
इस मानसून सीजन में अब तक शहर में 6.03 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है।
सूरत के गीतानगर क्षेत्र में भी लगातार तीसरे दिन पानी भरा हुआ है। एक गर्भवती महिला को तबीयत बिगड़ने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
हिमाचल प्रदेश: बादल फटने से तबाही, 2 हजार टूरिस्ट फंसे
हिमाचल के कुल्लू और कांगड़ा जिलों में पिछले 24 घंटे में 5 स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं हुईं।
-
जीवा नाला, शिलागढ़ घाटी, स्त्रो गैलरी, होरनगढ़ और खनियारा में अचानक आई बाढ़ में कई लोग बह गए।
-
अब तक 2 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
-
कुल्लू में करीब 2 हजार पर्यटक फंसे हुए हैं। प्रशासन ने डैम से पानी छोड़ने का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान: बांसवाड़ा में रिकॉर्ड बारिश
राजस्थान में मानसून सक्रिय है। बांसवाड़ा जिले में एक ही दिन में 8 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया है।
प्रशासन की अपील
राज्य और जिला प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने, तथा आपदा प्रबंधन निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
