“गंगा एक्सप्रेस-वे पर गूंजे फाइटर जेट्स, भारतीय वायुसेना का दिखा अभूतपूर्व प्रदर्शन”

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में भारतीय वायुसेना ने गंगा एक्सप्रेस-वे पर अपना दमखम दिखाया। 3.5 किमी लंबी एयर स्ट्रिप पर मिराज, राफेल और जगुआर जैसे फाइटर जेट्स ने तेज आंधी-तूफान के बीच लैंडिंग और टेकऑफ की प्रैक्टिस की। कार्यक्रम की शुरुआत AN-32 विमान के ‘टच एंड गो’ के साथ हुई। इसके बाद एक अन्य विमान ने लैंड किया लेकिन हवा की गति इतनी तेज थी कि वह आगे नहीं बढ़ सका, तो पायलट ने विमान को हवा की दिशा में मोड़ दिया। अब तक 16 फाइटर जेट्स यहां ‘टच एंड गो’ कर चुके हैं।

शाम को 7 बजे से 10 बजे तक नाइट लैंडिंग शो आयोजित किया जाएगा। शनिवार को दिन में फाइटर जेट्स का एयर शो दोहराया जाएगा, लेकिन नाइट शो नहीं होगा।

गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश का चौथा ऐसा एक्सप्रेस-वे है जिसमें हवाई पट्टी बनी है, और यह रात में लैंडिंग की क्षमता वाला देश का पहला एक्सप्रेस-वे है। मेरठ से प्रयागराज तक फैले इस 594 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट पर 36,230 करोड़ रुपये की लागत आई है।

शो के दौरान मिराज ने ‘टच एंड गो’ किया और आसमान में शानदार करतब दिखाए, जिस पर भीड़ ने तालियों से स्वागत किया। हरक्यूलिस, जगुआर, मिग और राफेल विमानों ने एक साथ करतब किए। लोग ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठे।

इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह भी पहुंचे, उनका हेलिकॉप्टर भी एक्सप्रेस-वे पर उतरा।

एयर शो देखने के लिए भारी संख्या में लोग अपने परिवारों और बच्चों के साथ पहुंचे। कई स्कूली बच्चों ने राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए। हालांकि, जैसे-जैसे शाम ढली, कुछ दर्शक वापस लौटने लगे क्योंकि दृश्यता कम हो गई थी, लेकिन शो जारी रहा।