जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ , दो को उतारा मौत के घाट…

कांकेर , 31 अक्टूबर 2022 : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, यहां सर्चिंग पर निकले जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई है। जवान सर्चिंग पर निकले हुए थे उसी दौरान माओवादियों ने उन पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। फिर जवानों ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए 2 नक्सलियों को मार गिराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, DRG के जवान सोमवार सुबह 4 बजे के आस-पास कडमे गांव के जंगलों में सर्चिंग पर निकले थे। उस वक्त वहां पर पहले से ही कुछ माओवादी मौजूद थे। जिन्होंने जवानों को देख फायरिंग करना शुरू कर दिया। जवानों ने भी जबरदस्त फायरिंग की। जिसके बाद नक्सली जंगल की ओर भाग निकले।
बताया गया है कि कुछ देर तक दोनों तरफ से फायरिंग चलती रही। फिर जब नक्सली जंगल की ओर भागे, तब इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जिसमें 2 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।