सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी पर जोर, विजय शर्मा
सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी पर जोर, विजय शर्मा ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की
रायपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने प्रभार वाले बस्तर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और दुर्ग जिलों में आगामी सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संबंधित जिलों के विधायक, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, नोडल अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिला और संभाग मुख्यालयों में एक स्थान पर सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्वलन का यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, संकल्प, सामाजिक एकता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर तय करें आयोजन स्थल
विजय शर्मा ने सभी कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थान ऐसा हो, जहां बड़ी संख्या में लोग आसानी से पहुंच सकें और कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूरी करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने को कहा।
निकाय और विकासखंड मुख्यालयों में भी जलेंगे सामूहिक दीप
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को केवल जिला मुख्यालयों तक सीमित नहीं रखा जाए। इसके तहत सभी नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में भी निर्धारित स्थान पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कराया जाए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, नागरिकों और प्रशासन को एक साथ जोड़कर कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाए। इससे सेवा संकल्प अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
प्रशासन और सामाजिक संगठनों की साझेदारी पर जोर
विजय शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज और प्रशासन के बीच बेहतर सहभागिता स्थापित करने का अवसर है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाए तथा नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी जिलों में कार्यक्रम का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचे। इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रशासनिक एवं सामाजिक स्तर पर समन्वित प्रयास किए जाएं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उप मुख्यमंत्री ने चारों जिलों में कार्यक्रम की तैयारियों की अलग-अलग जानकारी ली और आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण तथा व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
