रायपुर समेत 10 नगर निगमों में मेयर और पार्षदों के चुनाव सम्पन्न, शपथ ग्रहण में लगेगा दो हफ्ते का वक्त
राज्य निर्वाचन आयोग के नोटिफिकेशन के बाद शुरू होगा शपथ ग्रहण और चार्ज लेने का प्रक्रिया
प्रदेश के 10 नगर निगमों में मेयर और पार्षदों के चुनाव परिणाम आ गए हैं, लेकिन शपथ ग्रहण और चार्ज लेने की प्रक्रिया में लगभग दो हफ्ते का वक्त लगेगा। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा रिजल्ट के अधिसूचना जारी होने के बाद, 15 दिन के भीतर सभी निकायों में पार्षदों, मेयर और अध्यक्षों की एक सभा बुलाई जाएगी, जिसके बाद शपथ ग्रहण किया जाएगा। पार्षदों के शपथ ग्रहण के दिन ही नगर निगम में सभापति का चुनाव भी होगा।
प्रशासक की भूमिका खत्म, चुनी हुई सरकार का कार्य शुरू होगा![]()
वर्तमान में रायपुर नगर निगम समेत 10 नगर निगमों में कलेक्टर प्रशासक की भूमिका में हैं। मेयर और पार्षदों के शपथ ग्रहण के दिन से नगर निगम में प्रशासक की भूमिका समाप्त हो जाएगी और फिर नगर निगम में जनता द्वारा चुनी गई सरकार कार्य शुरू करेगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद हो सकता है शपथ ग्रहण
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 17, 20 और 23 फरवरी को तीन चरणों में आयोजित हो रहे हैं। पंचायत चुनाव के कारण अधिकारियों की व्यस्तता के चलते नगर निगमों में शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पंचायत चुनाव के बाद ही शुरू हो सकती है।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष का कोई प्रावधान नहीं
रायपुर नगर निगम में भाजपा के 60, कांग्रेस से 7 और 3 निर्दलीय पार्षद चुने गए हैं। हालांकि, नेता प्रतिपक्ष को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा जारी है। नगर निगम सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार, नगरीय निकाय एक्ट में नेता प्रतिपक्ष के पद का कोई प्रावधान नहीं है। राजनीतिक दल अपने पार्षदों के लिए एक नेता प्रतिपक्ष का चयन करते हैं, लेकिन संविधानिक तौर पर यह पद मान्यता प्राप्त नहीं है।
