बीरगांव नगर निगम के विकास कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण समारोह में शामिल हुए उप मुख्य मंत्री श्री अरुण साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले—बीरगांव के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे:उपमुख्यमंत्री अरुण साव
सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री मोतीलाल साहू , महापौर श्री नंद लाल साहू भी हुए शामिल
रायपुर-बीरगांव।
नगर पालिक निगम बीरगांव के बुधवार बाजार में शनिवार को विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर रायपुर लोकसभा के सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल,रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू बीरगांव महापौर श्री नंदलाल देवांगन, निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, सभापति श्री कृपाराम निषाद, नेता प्रतिपक्ष श्री ओमप्रकाश साहू, की गरिमामयी उपस्थिति में लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत आर.टी.ओ. कार्यालय के पीछे रावांभाठा क्षेत्र में 156.60 लाख रुपये की लागत से निर्मित उद्यान का लोकार्पण किया गया। वहीं अधोसंरचना मद के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सी.सी. सड़क, आर.सी.सी. नाली सहित कुल 88 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल लागत 584.91 लाख रुपये है। इन कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर आवागमन तथा स्वच्छता की सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। राज्य सरकार शहरों के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़कों, नालियों, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
इस अवसर पर नागरिकों को आधुनिक और सरल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम बीरगांव की व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इस सेवा के माध्यम से आम नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे, विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा नगर निगम से संबंधित सेवाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए। हितग्राहियों ने सरकार की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मानित कर उनके समर्पण को नमन किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बीरगांव केवल एक क्षेत्र नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की धड़कन है। यहां के श्रमिकों और नागरिकों का जीवन सुगम बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में लगभग 125 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा चुके हैं, जबकि आने वाले पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सांसद श्री अग्रवाल ने रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बीरगांव में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में यह क्षेत्र “मोती की तरह चमकेगा”। उन्होंने जानकारी दी कि बीरगांव में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था के लिए 104 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जबकि अतिरिक्त 22 करोड़ रुपये की एक और योजना स्वीकृत कराने का प्रयास जारी है। इसके अलावा गली-गली की सड़कों के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है तथा क्षेत्र में नए कॉलेज और आत्मानंद स्कूल भी प्रारंभ किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में सरोरा क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया था, जो अब पूर्ण होने की ओर हैं और आज 55 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र में श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और राज्य में श्री विष्णु देव साय सरकार के डबल इंजन से प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों और श्रमिकों को अधिक सुविधाएं और अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में बीरगांव नगर निगम के एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, कार्यपालन अभियंता श्री डी.एल देवांगन, उप अभियंता श्री के .बी.सिंह के अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेश साहू एवं भागीरथी साहू सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
