रायगढ़ में बर्ड फ्लू नियंत्रण के लिए दिल्ली और रायपुर एम्स की टीम पहुंची, कलेक्टर के साथ बैठक
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद स्थिति पर काबू पाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इस मामले की निगरानी के लिए दिल्ली और रायपुर एम्स की टीम आज रायगढ़ पहुंची। दिल्ली की टीम ने पोल्ट्री फार्म से 1 किलोमीटर के दायरे का निरीक्षण किया, जबकि रायपुर एम्स के डॉक्टरों ने अस्पतालों का जायजा लिया।
बर्ड फ्लू के नियंत्रण के लिए दिल्ली से केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की टीम और एम्स से डॉक्टरों की टीम ने संक्रमित पोल्ट्री फार्म और उसके आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सैनिटाइजेशन के साथ ही घर-घर जाकर आकस्मिक जांच की।

इसके बाद, दिल्ली से पहुंचे पशुपालन विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर डॉ. एचआर खन्ना ने रायगढ़ में बर्ड फ्लू नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की और कहा कि प्रारंभिक कदमों को तेजी से और प्रभावी रूप से उठाया गया। उन्होंने बताया कि संक्रमित पोल्ट्री फार्म की मुर्गियों, चूजों और अंडों को नष्ट करना सबसे जरूरी कदम था, जिसे बर्ड फ्लू की पुष्टि के कुछ घंटों के अंदर कर लिया गया था।

सैनिटाइजेशन और सुरक्षा उपायों पर जोर
डॉ. खन्ना ने कहा कि अब पोल्ट्री फार्म को सैनिटाइज करना प्राथमिकता है और इसके लिए फ्लेम गन और डिसइंफेक्टेंट का उपयोग किया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने उप संचालक पशुपालन विभाग को निर्देश दिया कि वे पर्याप्त मैन पावर के साथ जल्द से जल्द यह काम पूरा करें।

सर्दी-बुखार मरीजों की निगरानी
एम्स से पहुंची डॉक्टरों की टीम ने अस्पतालों में सर्दी-बुखार के मरीजों की निगरानी के लिए विशेष निर्देश दिए। इसके साथ ही आवश्यक रोग निरोधी दवाओं के स्टॉक रखने की भी सलाह दी गई। कलेक्टर गोयल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और पोल्ट्री फार्म में कार्यरत सभी व्यक्तियों को क्वारंटाइन करने के निर्देश भी दिए गए।
मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का निरीक्षण
रायपुर एम्स के डॉक्टरों की टीम ने जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी और आइसोलेशन वार्डों का जायजा लिया गया और आवश्यक दवाओं के स्टॉक को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, एम्स की टीम ने पूरे जिले के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बर्ड फ्लू से संबंधित एहतियात बरतने के बारे में जानकारी दी।
