आरटीओ ऑफिस के पीछे अतिक्रमण पर निगम की कार्यवाही
बीरगांव।
नगर निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के निर्देशन में आज आरटीओ ऑफिस के पीछे स्थित क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। निगम की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर अवैध कब्जों को चिन्हांकित किया गया तथा आवश्यकतानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्गों, नालियों एवं सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण, टीन-शेड आदि को हटाया गया। आयुक्त श्री उर्वशा ने स्पष्ट कहा कि नगर की शांति, स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा है कि वे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।
इस कार्यवाही में नगर निगम की राजस्व शाखा, अतिक्रमण दस्ता, स्वास्थ्य विभाग का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। आगे भी ऐसे क्षेत्रों में नियमित रूप से निरीक्षण एवं कार्यवाही जारी रहेगी।
